हरियाणा महिला कांग्रेस संगठन ने शहर को किया कांग्रेसमय

18/10/2021 :- हरियाणा में पूरे प्रदेशभर की महिलाओं को एकजुट करने में जुटी महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने पंचकूला में प्रदेश कार्यकारिणी का सफल आयोजन कर राष्ट्रीय अध्यक्षा नीटा डिसूजा का जोरदार स्वागत किया। गौरतलब है कि महिला कॉन्ग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षा सुष्मीतादेव द्वारा पार्टी छोड़ जाने के बाद डिसूजा को इसी अगस्त माह में कार्यवाहक अध्यक्षा की जिम्मेदारी पार्टी हाईकमान द्वारा दी गई है, राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला हरियाणा दौरा है।

पंचकूला में महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की जुटी भारी भीड़ को देखकर पार्टी प्रदेशाध्यक्षा एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा दोनों ही गदगद नजर आई।

दिल्ली से पंचकूला तक सड़क मार्ग से पहुंचने पर बीच रास्ते मे अनेक स्थानों पर उनका फूलमालाओं और गगनभेदी नारों से जोरदार स्वागत किया गया।

महिलाओं द्वारा किये गए स्वागत से उत्साहित राष्ट्रीय अध्यक्ष डिसूजा ने अपने सम्बोधन में जहां महिला संगठन को और मजबूत करने की बात कही वहीं उन्होंने बीजेपी पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हवाई जहाज में हवाई चप्पल पहनने वालों को चढ़ाने का सपना बेचने वाले ने देश मे ऐसे हालात कर दिए हैं कि विमान के ईंधन से भी 33 फीसदी ज्यादा महंगा पेट्रोल हो गया, जिसके कारण अब आम आदमी को स्कूटी व बाइक चलाना भी भाड़ी पड़ रहा है। इस महंगाई का सबसे ज्यादा खामियाजा गृहणियों को भुगतना पड़ रहा है। उनका रसोई का बजट बिल्कुल गड़बड़ा गया है।

नीटा डिसूजा ने अपने सम्बोधन में बीजेपी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश में जिला व विधानसभा स्तर पर चलाये जाने वाले अभियानों की रूपरेखा को भी सिलसिलेवार समझाया। उन्होंने संगठन में होने वाले बदलाव व नई तैनातियों का भी संकेत दिया।

पार्टी प्रदेशाध्यक्षा सुधा भारद्वाज ने प्रदेशभर से आई सभी महिलाओं का धन्यवाद किया तथा प्रदेश में महिला संगठन द्वारा अब तक किये गए कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा भविष्य का रोडमैप भी राष्ट्रीय अध्यक्षा के सामने रखा।

विधानसभा क्षेत्र पटौदी से पहुंची महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव व महेंद्रगढ़ जिला प्रभारी सुनीता वर्मा ने प्रदेशभर से आई सभी महिलाओं की तरफ से पार्टी प्रदेशाध्यक्षा व राष्ट्रीय अध्यक्षा का फूलों का गुलदस्ता देकर स्वागत करते हुए कहा कि निश्चित तौर पर हम पार्टी और संगठन की नीतियों को हर घर तक पहुंचाएंगी और ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इस संगठन से जोड़ने का काम करेंगीं।

वर्मा ने कहा कि हम पार्टी के द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करते हुए संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जीवन पर्यंत कार्य करेंगीं और हमारा प्रत्येक कदम कॉन्ग्रेस पार्टी की विचारधारा के अनुरूप समृद्ध, सशक्त व विश्व शांति के अग्रदूत भारत के निर्माण के लिए होगा।

इस आयोजन में सभी ग्रामीण व शहरी जिला अध्यक्ष के साथ पूरी जिला व विधानसभा कार्यकारिणी के और पूरी प्रदेश कार्यकारिणी की पदाधिकारी भी पहुंचीं।

error: Content is protected !!