रेप केस में डॉक्टर से समझौते को मांगे 50 लाख, 2 लाख लेती महिला पकड़ी

कुरुक्षेत्र – शाहाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल संचालक के खिलाफ रेप केस में समझौते के नाम पर 2 लाख रुपए लेते पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला को पकड़ लिया। महिला समझौते के लिए 50 लाख रुपए मांग रही थी, लेकिन बाद में बातचीत में वह 30 लाख में केस रद्द कराने पर सहमत हो गई। करीब 15 दिन पहले महिला ने शिकायत की थी।

35 वर्षीय उक्त महिला डॉक्टर के अस्पताल में ही काम करती थी। अब पुलिस ने डॉक्टर की पत्नी व महिला डॉक्टर की शिकायत पर उक्त महिला के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। शाहाबाद निवासी एक निजी अस्पताल के संचालक के खिलाफ 15 दिन पहले मूलरूप से पंजाब की रहने वाली महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। महिला काफी समय से शाहाबाद में ही रह रही है। बताया कि वह डॉक्टर के अस्पताल में कार्यरत थी।

इस दौरान मौका देख कर डॉक्टर ने जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाएं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर डॉक्टर पर केस दर्ज किया था। महिला ने मंगलवार शाम को 5 लाख रुपए और देने की डिमांड की। जिस पर डॉक्टर ने पुलिस को सूचित कर दिया। एसएचओ प्रतीक कुमार के मुताबिक डॉक्टर को महिला ने रत्नगढ़ पुल के पास बुलाया। जैसे ही डॉक्टर से महिला ने दो लाख रुपए लिए, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। महिला को कोर्ट में पेश किया। जहां से न्यायिक हिरासत में भेजा है।

डॉक्टर की पत्नी का आरोपः महिला ने खुद बनाए संबंध

डॉक्टर की पत्नी व पंचकूला में कार्यरत महिला डॉक्टर ने बताया कि उसके पति का शाहाबाद में एक प्राइवेट अस्पताल है। 2015 में मूलरूप से पंजाब निवासी महिला भी यहां काम करने लगी। वह 2020 तक नौकरी करती रही। उक्त महिला ने पति को बताया कि उसका अपने पति के साथ मनमुटाव चल रहा है और पति के साथ नजदीकियां बनाई। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगी और झूठा केस दर्ज कराने का डर दिखाकर पैसे लेने लगी। इसके बाद महिला पैसों की मांग करने लगी। पैसे न मिलने पर उसने पति के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए शिकायत की। डॉक्टर दंपती का आरोप है कि शिकायत के बाद महिला ने खुद ही समझौते की पेशकश की। उनसे 50 लाख रुपए की डिमांड की। इसके बाद वह 30 लाख में केस वापस लेने को राजी हो गई। गत 23 मई को डॉक्टर ने चंडीगढ़ में एक एटीएम से 20 हजार रुपए निकालकर महिला को दिए थे।

You May Have Missed

error: Content is protected !!