भाजपा ने फूंका गुरनाम चढूनी और कांग्रेस का पुतला

चंडीगढ़, 19 जनवरी 2021। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और पंचकूला के प्रभारी डॉ संजय शर्मा ने कहा कि देश में चल रहे किसान आन्दोलन की आड़ में गुरनाम सिंह चढूनी कांग्रेस के साथ मिलकर अपनी राजनीति चमकाने में लगे है। चढूनी किसान आन्दोलन के सहारे सांसद या विधायक बनने के सपने देख रहे है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश प्रवक्ता और पंचकूला के प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में चंडीगढ़ विधानसभा/हाईकोर्ट चौक पर गुरनाम सिंह चढूनी और कांग्रेस का पुतला फूककर विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि देश के भोले-भाले किसानों को गुमराह करके कांग्रेस और चढूनी जैसे लोग अपनी राजनीतिक महत्वकांक्षाओं को पूरा करने में लगे है। पिछले दिनों कांग्रेस और गुरनाम सिंह चढूनी की सांठगांठ उजागर हो गई है, जिसको जनता ने स्पष्ट देखा है। इन्होंने कृषि कानूनों के नाम पर किसानों का इस्तेमाल करके षड्यंत्र रचने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति करने के लिए किसी भी स्तर तक गिर जाना कांग्रेस का स्वभाव रहा है और आज कांग्रेस वही कर रही है। देश के किसानों के कल्याण के लिए लाए गए तीनों कृषि कानूनों का विरोध तो केवल बहाना मात्र है असली एजेंडा तो अपने  राजनीतिक अस्तित्व को बनाएं रखने का है।

कांग्रेस और गुरनाम सिंह चढूनी देश में अराजकता फैलाने और हरियाणा में भाजपा सरकार को गिराने के प्रयासों में लगें है, पर देश और प्रदेश की जनता उनके मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और चढूनी द्वारा विरोध करना एक बात है पर देश के सबसे बड़े पर्व गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में अराजकता के लिए लोगों  को भड़काने जैसे कृत्य करके देश और लोकतंत्र का अपमान करना दूसरी बात।

error: Content is protected !!