नई दिल्ली, दिनांक: 12-01-2021 – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने आशा व्यक्त की है कि आज सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के उपरांत आंदोलन कर रहे किसान अब अपना आंदोलन समाप्त कर अपने घरों को लौट जाएंगे।                  

  नई दिल्ली में नाॅर्थ ब्लाॅक में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के साथ बैठक के उपरांत हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा  कि 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस है और गणतंत्र दिवस हम  सभी का राष्ट्रीय पर्व है। सभी स्थानों पर गणतंत्र दिवस समारोह विधिवत रूप से आयोजित व संपन्न हो जाएंगे। इस संदर्भ में किसानों की ओर से भी आशवस्त किया गया है।         

हरियाणा में राजनैतिक परिदृश्य के संदर्भ में मीडिया द्वारा किए गए एक प्रश्न के प्रत्युत्तर में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में राजनैतिक माहौल सामान्य है और विपक्षियों द्वारा लगाई जा रही अटकलों में कोई दम नहीं है। हमारी सरकार मजबूती से चल रही है और अपना कार्यकाल पूर्ण करेगी।        

उल्लेखनीय है कि आज हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व हरियाणा के उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला ने नई दिल्ली में नाॅर्थ ब्लाॅक में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के साथ बैठक की। विवरणानुसार बैठक में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन तथा तीन कृषि अधिनियमों के संदर्भ में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिए गए निर्णय के संदर्भ में  आवश्यक विचार-विमर्श  किया गया।

बैठक में हरियाणा के शिक्षा व वन मंत्री श्री कंवरपाल व भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश धनखड भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!