कलाम के राष्ट्रवादी विचारों से विकसित भारत के संकल्प को मिलेगी मजबूती: डॉ. अर्चना गुप्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने युवाओं से किया कलाम के आदर्शों पर चलने का आह्वान, बोलीं—धर्म से पहले राष्ट्र सर्वोपरि

पानीपत, 15 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन परिश्रम, ईमानदारी, सादगी और राष्ट्रसेवा की प्रेरक मिसाल है। उनके विचारों को आत्मसात कर युवा शक्ति 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ आगे बढ़कर ही देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया जा सकता है।

गुरुवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भाजपा कार्यालय श्याम कमल में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हरियाणा द्वारा आयोजित ‘कलाम का पैगाम, देश के नाम’ कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत तथा दृढ़ संकल्प से देश-दुनिया में पहचान बनाई। वैज्ञानिक के रूप में उनका योगदान और राष्ट्रपति के तौर पर उनकी सादगी सदैव प्रेरणा देती रहेगी। युवाओं के साथ उनके निरंतर संवाद ने उन्हें देश के लोकप्रिय राष्ट्रपति के रूप में स्थापित किया।

प्रदेशाध्यक्ष डॉ. गुप्ता ने कहा कि डॉ. कलाम की पहचान उनके धर्म से नहीं, बल्कि उनकी वैज्ञानिक उपलब्धियों, राष्ट्रभक्ति और समर्पण से होती है। हमारी पूजा-पद्धतियां, वेशभूषा और खानपान अलग हो सकते हैं, लेकिन हम सभी भारतीय हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए। प्रत्येक नागरिक को देशहित को सर्वोपरि रखकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण के दौरान मृत, स्थानांतरित और दोहरे मतदाताओं के नामों की जांच लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया उपलब्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. कलाम के विचारों और राष्ट्रसेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सत्य प्रकाश जरावता, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अवनीत सिंह वड़ैच, अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सैयद हैदर हबीब, भाजपा जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री एडवोकेट सिकंदर सलमानी और जिला अध्यक्ष रफाकत हसन अली सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें