एमसीजी की प्रवर्तन कार्रवाई से भूमि हुई अतिक्रमण मुक्त, कचरा जलाने पर रोक के लिए मुनादी कराकर लोगों को किया जागरूक

गुरुग्राम, 3 अक्तूबर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन अभियान के तहत वजीराबाद स्थित ढाणी चौक के पास करीब 2.5 एकड़ सरकारी भूमि पर बनाए गए अस्थायी टिन शेड को हटाने की कार्रवाई की गई। प्रवर्तन टीम द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए अस्थायी ढांचों को ध्वस्त किया गया और भूमि को खाली कराया गया। यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त रविन्द्र मलिक के नेतृत्व में जेई मोहित राणा और टीम द्वारा की गई।
अतिक्रमण के साथ कचरा जलाने की समस्या पर भी कार्रवाई
उक्त भूमि का उपयोग कुछ लोगों द्वारा कचरा जलाने के लिए भी किया जा रहा था। इससे क्षेत्र में धुआं एवं प्रदूषण की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना रहती थी। नगर निगम द्वारा इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए मौके पर कचरा जलाने और कचरा डालने से लोगों को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।
मुनादी के माध्यम से लोगों को किया जागरूक

कचरा जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा मौके पर मुनादी कराई गई। मुनादी के माध्यम से आसपास के नागरिकों एवं आमजन को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि वे उक्त भूमि पर न तो कचरा जलाएं और न ही कचरा डालें। लोगों को यह भी बताया गया कि सार्वजनिक एवं खाली भूमि पर कचरा डालने से क्षेत्र की स्वच्छता प्रभावित होती है तथा कचरा जलाने से पर्यावरण एवं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
सार्वजनिक भूमि के संरक्षण और स्वच्छता पर जोर
नगर निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल अस्थायी ढांचों को हटाना ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक भूमि के बेहतर उपयोग, स्वच्छता बनाए रखने तथा भविष्य में दोबारा अतिक्रमण एवं कचरा डंपिंग की स्थिति उत्पन्न होने से रोकना भी है। नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न डालें और किसी भी स्थिति में कचरे को न जलाएं। कचरे का उचित निस्तारण निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से किया जाए, ताकि शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त रखने में सभी नागरिक अपनी भूमिका निभा सकें।








