: पानीपत में सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, शिक्षामंत्री ने किया श्रमदान
: बड़े बदलाव की शुरुआत होती है छोटे-छोटे संकल्प से : महिपाल ढांडा
: कार्यकर्ताओं, आमजन के साथ स्वच्छता को जीवनशैली बनाने पर दिया जोर

पानीपत, 2 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता के साथ-साथ स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना देखा था। गांधी जी के लिए स्वच्छता केवल आसपास के वातावरण को साफ रखने का विषय नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मसम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा संस्कार था। आज उनके इसी विचार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घर-घर और जन-जन तक पहुंचाते हुए लोगों को स्वच्छता अभियान का भागीदार बना रहे हैं।
शुक्रवार सुबह सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्मजयंती के अवसर पर भाजपा हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पानीपत के वार्ड 24 स्थित रजवाहा रोड पर सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में डॉ गुप्ता ने शिक्षामंत्री महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, मेयर कोमल सैनी,भाजपा कार्यकर्ताओं और आमजन के साथ श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत करते हुए स्वच्छता को जनभागीदारी का आंदोलन बनाने का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता को लेकर देशभर में जनभागीदारी बढ़ी है और इसे व्यवहार परिवर्तन से जोड़ने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े अभियानों को आगे बढ़ाया जा रहा है। डॉ. गुप्ता ने पानीपतवासियों से आह्वान किया कि स्वच्छता अभियान को केवल एक दिन तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत बनाएं। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालना, कूड़े का उचित निस्तारण करना और दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करना ही गांधी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में वास्तविक योगदान है।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे-छोटे संकल्पों से होती है। स्वच्छता केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे व्यवहार और सोच का हिस्सा बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली, मोहल्ले और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी लेगा, तभी स्वच्छ भारत का संकल्प पूरी तरह साकार होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वच्छता के संदेश को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाएं और इसे निरंतर जनअभियान बनाएं। इस दौरान वार्ड 24 पार्षद सांची तनेजा, सफाई कर्मचारी एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।








