समाधान शिविर में 10 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर किया समाधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

गुरुग्राम, 1 अक्टूबर- आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला एवं उपमंडल स्तर पर नियमित रूप से समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। वीरवार को आयोजित शिविर में एसडीएम हितेंद्र कुमार ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान किया गया।

एसडीएम हितेंद्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इन शिविरों में प्राप्त शिकायतों और उनके समाधान की नियमित समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। सभी विभागीय अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें और निर्धारित समय सीमा में उनका समाधान सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें रखी गईं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने तथा शिकायतकर्ताओं को समाधान की स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करते हैं। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, एसडीओ सुमन कश्यप, इन्वेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!