नगर निगम ने अवैध पानी कनेक्शनों एवं बकायादार उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टर-18 एवं सेक्टर-33 के औद्योगिक क्षेत्रों में विशेष टीमों ने की कार्रवाई, लाखों रुपये की बकाया राशि वाले कनेक्शन काटे गए

गुरुग्राम, 30 सितम्बर। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा पानी के बिलों की बकाया राशि की वसूली तथा अवैध एवं अनधिकृत पानी के कनेक्शनों के विरुद्ध कार्रवाई को तेज कर दिया गया है। इसके लिए नगर निगम द्वारा दो विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर बकायादार एवं अनधिकृत पानी कनेक्शनों की पहचान करते हुए नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं।

इसी अभियान के तहत नगर निगम की विशेष टीमों ने सेक्टर-18 तथा सेक्टर-33 के औद्योगिक क्षेत्र में निरीक्षण एवं कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ऐसे कई औद्योगिक पानी कनेक्शनों को काटा गया, जिन पर लंबे समय से पानी के बिलों की बकाया राशि जमा नहीं कराई गई थी। इनमें लगभग 5 लाख, 14 लाख रुपए तथा इससे अधिक की बकाया राशि वाले कनेक्शन भी शामिल रहे।

बकाया राशि जमा नहीं करने पर होगी कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पानी के बिलों की बकाया राशि का समय पर भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में कनेक्शनों एवं संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही, बिना वैध स्वीकृति के संचालित अवैध अथवा अनधिकृत पानी के कनेक्शनों को वैध करवाना आवश्यक है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत कनेक्शन नियमित नहीं करवाने की स्थिति में ऐसे कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई की जाएगी।

पीआईडी से पानी कनेक्शन लिंक करवाने की अपील

नगर निगम ने सभी पानी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने पानी के बिलों की बकाया राशि का समय पर भुगतान करें। साथ ही, अपने पानी कनेक्शन एवं प्रॉपर्टी आईडी से संबंधित रिकॉर्ड को नगर निगम के पोर्टल पर अपडेट एवं लिंक करवाएं। नगर निगम का उद्देश्य पानी की बिलिंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने, बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने तथा पानी के अवैध कनेक्शनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने कनेक्शन एवं बिल संबंधी रिकॉर्ड दुरुस्त रखें और समय पर भुगतान कर नगर निगम की कार्रवाई से बचने के साथ-साथ व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!