मेयर राजरानी मल्होत्रा ने वार्षिक समारोह में छात्राओं का बढ़ाया उत्साह, शहर में सफाई व्यवस्था का भी लिया जायजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टर-14 राजकीय कन्या महाविद्यालय में वार्षिक समारोह एवं खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सफाई कार्यों का किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 30 सितम्बर। गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया तथा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं के उत्साह और सहभागिता ने भी कार्यक्रम को विशेष बनाया। मेयर ने छात्राओं की प्रतिभा, ऊर्जा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उन्हें प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं।

उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेवा संकल्प अभियान के तहत सफाई व्यवस्था का निरीक्षण

कार्यक्रम के साथ-साथ मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम गुरुग्राम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में चलाए जा रहे सफाई अभियान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खांडसा रोड, बसई रोड, अर्जुन नगर, रामनगर एवं मदन पुरी रोड पर चल रहे सफाई कार्यों का मौके पर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था, सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता तथा चल रहे सफाई कार्यों की स्थिति देखी।

मेयर ने संबंधित अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को सफाई कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा अभियान को निरंतर जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठान और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखना शहर की बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए आवश्यक है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों से भी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की।

स्वच्छता में नागरिकों की भागीदारी जरूरी

मेयर ने कहा कि स्वच्छ, सुंदर और बेहतर गुरुग्राम के लिए स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर निगम द्वारा सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से इन प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इस दौरान संबंधित निगम अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे सफाई कार्यों की जानकारी दी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!