900 मीटर मुख्य सड़क, 900 मीटर सर्विस रोड, स्टॉर्म वाटर ड्रेन और फुटपाथ का होगा निर्माण
2 किलोमीटर लंबे प्रमुख सड़क कॉरिडोर के शेष 900 मीटर हिस्से का होगा विकास
गुरुग्राम, 3 अगस्त । न्यू गुरुग्राम में सड़क नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-68 एवं 69 के बीच एक महत्वपूर्ण सड़क कॉरिडोर के बचे हुए 900 मीटर हिस्से का निर्माण करेगा। ₹25.37 करोड़ की लागत से तैयार होने वाली इस एकीकृत आधारभूत संरचना परियोजना के तहत 900 मीटर लंबी मुख्य सड़क बनाई जाएगी, उसके समानांतर 900 मीटर लंबी सर्विस रोड़ का निर्माण भी किया जाएगा । इसके अलावा , स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज नेटवर्क बनाया जाएगा तथा दोनों ओर फुटपाथ विकसित किए जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी. सी. मीणा ने बताया कि कार्य आवंटित होने के बाद परियोजना को एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना शहर के सड़क नेटवर्क में मौजूद एक महत्वपूर्ण मिसिंग लिंक को पूरा करेगी, जिससे आसपास के सेक्टरों के बीच संपर्क में सुधार होगा। यह सड़क लगभग 2 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का हिस्सा है, जिसमें से करीब 1.1 किलोमीटर सड़क का निर्माण पहले ही किया जा चुका है। शेष 900 मीटर हिस्से के निर्माण के बाद इस मार्ग पर बिना रुकावट आवागमन सुनिश्चित होगा और न्यू गुरुग्राम में तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
श्री मीणा ने कहा कि इस परियोजना की योजना वर्तमान और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक समेकित आधारभूत संरचना विकास परियोजना के रूप में तैयार की गई है। मुख्य सड़क और सर्विस रोड़ के निर्माण से यातायात सुगम होगा और स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज प्रणाली मानसून के दौरान वर्षा जल की प्रभावी निकासी सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही दोनों ओर विकसित किए जाने वाले फुटपाथ पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराएंगे।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ आवश्यक शहरी सुविधाओं का समावेश कर इस परियोजना की रूपरेखा तैयार की गई है, जिससे क्षेत्र की समग्र शहरी आधारभूत संरचना मजबूत होगी, यातायात प्रबंधन बेहतर होगा और नागरिकों को अधिक सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध होगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि जीएमडीए गुरुग्राम के योजनाबद्ध शहरी विकास के लिए ऐसी आधारभूत संरचना परियोजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा, जो शहरी गतिशीलता को मजबूत करें और नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित, सुगम और टिकाऊ परिवहन अवसंरचना का विकास जीएमडीए की प्राथमिकता है।









