गुरुग्राम, 3 अगस्त 2026। गुरुग्राम के सेक्टर-76 स्थित सनसिटी-76 सोसायटी की विद्युत आपूर्ति रविवार को सोसायटी के आंतरिक विद्युत तंत्र में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुई।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की बाहरी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। सोसायटी प्रबंधन द्वारा आंतरिक खराबी दूर किए जाने के बाद रात लगभग 10 बजे बिजली आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी गई।
डीएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, आईएएस द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के उपरांत गुरुग्राम के अधीक्षण अभियंता श्यामबीर सैनी ने बताया कि सनसिटी-76 सोसायटी की बिजली आपूर्ति सोसायटी द्वारा विकसित 33 केवी स्विचिंग स्टेशन के माध्यम से की जाती है, जिसे 220 केवी सब-स्टेशन सेक्टर-72 से विद्युत आपूर्ति प्राप्त होती है।
उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर लगभग 1:30 बजे सोसायटी के एलटी (लो टेंशन) पैनल में आंतरिक तकनीकी खराबी आने से संबंधित फीडर ट्रिप हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से 33 केवी स्विचिंग स्टेशन की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई। इसके बाद सोसायटी परिसर में स्थापित ट्रांसफॉर्मरों को चार्ज किया गया, लेकिन एलटी लोड जोड़े जाने के लगभग 15 से 20 मिनट बाद ट्रांसफॉर्मर पुनः ट्रिप हो गए, जिससे सोसायटी की विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
श्यामबीर सैनी ने बताया कि सोसायटी की अधिकृत तकनीकी एजेंसी द्वारा जांच के दौरान एलटी पैनल में आंतरिक खराबी की पुष्टि हुई। आवश्यक मरम्मत एवं दोष दूर किए जाने के बाद रात लगभग 10 बजे विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल कर दी गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह तकनीकी खराबी सोसायटी के आंतरिक विद्युत तंत्र में थी तथा डीएचबीवीएन की बाहरी विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। उन्होंने कहा कि सनसिटी-76 एक अफोर्डेबल हाउसिंग सोसायटी है, जहां डीजल जनरेटर (डीजी) बैकअप की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने सभी ग्रुप हाउसिंग सोसायटी प्रबंधन से आह्वान किया कि वे अपने आंतरिक विद्युत नेटवर्क, एलटी पैनल, ट्रांसफॉर्मर तथा अन्य विद्युत उपकरणों का नियमित निरीक्षण एवं समय-समय पर रखरखाव सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।








