संस्कृति मंत्रालय की राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आज से शुरू, गुरुग्राम के युवा एवं विद्यार्थी बढ़-चढ़कर लें भाग : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित ऑनलाइन क्विज 15 सितंबर तक चलेगी

सभी प्रतिभागियों को मिलेगा डिजिटल ई-प्रमाण पत्र

गुरुग्राम, 1 अगस्त। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का आज से शुभारंभ हो गया है। MyGov के सहयोग से आयोजित यह राष्ट्रव्यापी प्रतियोगिता 1 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक चलेगी।

डीसी उत्तम सिंह ने गुरुग्राम जिले के युवाओं, स्कूली विद्यार्थियों, कॉलेज छात्रों तथा आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय पहल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है। यह प्रतियोगिता केवल एक ऑनलाइन क्विज नहीं, बल्कि देश के इतिहास के महत्वपूर्ण अध्याय को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि भारत विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने जिन कठिन परिस्थितियों का सामना किया, उनके संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय एकता के महत्व को समझना आज की युवा पीढ़ी के लिए आवश्यक है। इस प्रकार की पहल युवाओं में इतिहास के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेगी।

डीसी ने बताया कि जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने में सहयोग करें। सभी शिक्षण संस्थान प्रार्थना सभा, सूचना पट्ट, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों को प्रतियोगिता की जानकारी उपलब्ध कराएं और उन्हें पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

डीसी ने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क है तथा इसमें सभी भारतीय नागरिक भाग ले सकते हैं। यह एक समयबद्ध ऑनलाइन क्विज होगी, जिसमें सफलतापूर्वक भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को MyGov की ओर से डिजिटल ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने जिले के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं, प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपने मित्रों और परिवार के सदस्यों को भी इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग देश के इतिहास और राष्ट्रीय एकता के इस महत्वपूर्ण अभियान से जुड़ सकें। इच्छुक प्रतिभागी MyGov के क्विज पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!