महिला समेत चार आरोपी दबोचे, दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान-पत्र बरामद; मुख्य साजिशकर्ता ऋषि फरार, तीन आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
गुरुग्राम, 31 जुलाई। गुरुग्राम पुलिस ने दिल्ली पुलिस की विशेष टीम का अधिकारी बनकर फ्लैट में फर्जी रेड डालने, लोगों को बंधक बनाकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान-पत्र भी बरामद किए गए हैं। मामले का मुख्य आरोपी ऋषि अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 29/30 जुलाई की रात थाना खेड़की दौला पुलिस को सेक्टर-86 स्थित अंसल हाइट्स सोसायटी में झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता ने चार लोगों को पकड़कर सौंपते हुए बताया कि वह अपने साथियों के साथ फ्लैट में गेट-टुगेदर पार्टी कर रहा था। इसी दौरान एक महिला पांच अन्य लोगों के साथ फ्लैट में जबरन घुस गई और सभी ने खुद को दिल्ली पुलिस की विशेष टीम का सदस्य बताते हुए रेड की कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता और उसके साथियों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की तथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद गिरोह का सदस्य ऋषि शिकायतकर्ता के साथी सागर को रुपये लेने के बहाने अपनी कार में ले गया, जबकि बाकी आरोपी फ्लैट में मौजूद लोगों को बंधक बनाकर धमकाते रहे।
लोकेशन भेजने से खुली साजिश
सागर को आरोपियों पर शक हुआ तो उसने अपने साथियों को अपनी लोकेशन भेज दी। इसके बाद अन्य साथी मौके पर पहुंचे और चार आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि ऋषि मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया।
रोहतक से बनाई थी पूरी योजना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतविन्द्र (46), टीनू (42), नवीन (40) तथा स्नेहा उर्फ सना (21) निवासी रोहतक के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरार आरोपी ऋषि ने शिकायतकर्ता के बारे में जानकारी दी थी कि वह संपन्न परिवार से है और अक्सर दोस्तों के साथ पार्टी करता है। इसके बाद सभी ने फर्जी दिल्ली पुलिस अधिकारी बनकर रेड करने, लोगों को डराने और रंगदारी वसूलने की योजना बनाई। योजना के तहत महिला आरोपी ने फ्लैट की घंटी बजाई और दरवाजा खुलते ही सभी अंदर घुस गए।
तीन फर्जी आईडी कार्ड बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दिल्ली पुलिस के तीन फर्जी पहचान-पत्र बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये फर्जी पहचान-पत्र उन्हें फरार आरोपी ऋषि ने उपलब्ध कराए थे।
तीन आरोपी पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने महिला आरोपी स्नेहा उर्फ सना को न्यायिक हिरासत में भेज दिया, जबकि सतविन्द्र, टीनू और नवीन को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस अब फरार आरोपी ऋषि, फर्जी पहचान-पत्र तैयार कराने वाले लोगों तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।








