हरियाणा में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने में जुटी कांग्रेस, बेरोज़गारी और महंगाई पर भाजपा को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फरीदाबाद व पलवल की संगठनात्मक बैठकों में संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाने और जनआंदोलन तेज करने का आह्वान

चंडीगढ़/पलवल, 31 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को फरीदाबाद और पलवल जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठकों के साथ होडल, हथीन और पलवल विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक संवाद किया। बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ तक संगठन को सशक्त बनाना पार्टी की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनहित के कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के लंबे शासनकाल में प्रदेश का युवा बेरोज़गारी से जूझ रहा है, किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहा है और आम जनता महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाती रहेगी तथा संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति है।

बेरोज़गारी और भर्ती प्रक्रिया पर सरकार पर निशाना

दोनों नेताओं ने प्रदेश में बढ़ती बेरोज़गारी और सरकारी भर्तियों में हो रही देरी को लेकर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि लाखों युवा वर्षों से भर्ती प्रक्रियाओं के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार समयबद्ध और पारदर्शी नियुक्तियां सुनिश्चित करने में विफल रही है। उन्होंने सभी रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग की।

नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी रहेगी और संगठन की ताकत के बल पर गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचकर भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान और जनसंघर्ष को पूरी ऊर्जा और अनुशासन के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठकों में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष चौधरी उदयभान, पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, फरीदाबाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक, पलवल जिला कांग्रेस अध्यक्ष नेत्रपाल अधाना, विजय प्रताप सिंह, रोहित नागर, पराग शर्मा सहित संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के वरिष्ठ नेता, जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!