हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने कहा—यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों पर कुठाराघात
गुरुग्राम, 31 जुलाई।हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने हरियाणा सरकार द्वारा लीव ट्रैवल कंसेशन (एलटीसी) से संबंधित सुविधा में किए गए बदलाव पर कड़ा विरोध जताया है। एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि सरकार का यह निर्णय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के विपरीत है तथा इससे राज्यभर के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों में भारी असंतोष है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग द्वारा 13 मार्च 2026 को जारी आदेश के अनुसार 1 जनवरी 2028 से एलटीसी के बदले एक माह का वेतन अथवा पेंशन प्राप्त करने की सुविधा समाप्त कर दी जाएगी। इसके बाद कर्मचारियों और पेंशनरों को एलटीसी का लाभ केवल यात्रा करने की स्थिति में ही मिलेगा।
बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि अब तक पात्र कर्मचारियों और पेंशनरों को अपने गृह नगर अथवा देश में किसी भी स्थान की यात्रा के विकल्प के साथ एक माह का वेतन या पेंशन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध थी। सरकार द्वारा इस विकल्प को समाप्त करना पेंशनरों के अधिकारों और सुविधाओं में कटौती के समान है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा बिजली पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन इस निर्णय की कड़े शब्दों में निंदा करती है और राज्य सरकार से मांग करती है कि बुजुर्ग पेंशनरों की परिस्थितियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस आदेश पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने सरकार से एलटीसी के बदले वेतन/पेंशन लेने की पूर्व व्यवस्था को यथावत बहाल करने तथा इस निर्णय को तत्काल निरस्त करने की मांग की।
बनवारी लाल शर्मा ने कहा कि सरकार को अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए तथा ऐसे निर्णयों से बचना चाहिए, जिनसे पेंशनरों में असंतोष और निराशा का वातावरण पैदा हो।








