भ्रष्टाचार की पर्याय बन चुकी है भाजपा सरकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस की जनहित योजनाओं के नाम बदलकर उन्हें लूट का माध्यम बनाया गया : कुमारी सैलजा

चंडीगढ़, 31 जुलाई। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य कुमारी सैलजा ने अंबाला में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना में सामने आए कथित 17.03 रुपये करोड़ के घोटाले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के शासन में गरीब, दलित और वंचित वर्ग के लिए बनाई गई योजनाएं भी भ्रष्टाचार से अछूती नहीं रहीं। यह सरकार विकास और सुशासन के केवल जुमले देती है, जबकि धरातल पर भ्रष्टाचार को संरक्षण मिलता दिखाई देता है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि जिन योजनाओं का उद्देश्य गरीबों को सम्मानजनक जीवन देना था, उन्हें भाजपा सरकार ने नाम बदलकर अपने खाते में डालने का प्रयास किया, लेकिन उन योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही। उन्होंने कहा कि अंबाला में सामने आया मामला यह दर्शाता है कि गरीबों के लिए निर्धारित सहायता राशि तक में कथित रूप से बिचौलियों और भ्रष्ट तंत्र ने सेंध लगा दी।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने देश के समग्र विकास के लिए अनेक दूरदर्शी योजनाएं शुरू की थीं। भाजपा ने उन योजनाओं के नाम बदलकर उन्हें अपनी उपलब्धि बताने का प्रयास किया, लेकिन उनका परिणाम जनता के सामने है। जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जे एन एन यू आर एम) जैसी शहरी विकास की अवधारणा को बदलकर स्मार्ट सिटी मिशन का प्रचार किया गया, करोड़ों रुपये खर्च किए गए, देश के 100 शहरों को स्मार्ट बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन आज भी अधिकांश शहर ट्रैफिक, जलभराव, टूटी सड़कों, गंदगी और अव्यवस्थित बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं। जनता पूछ रही है कि आखिर स्मार्ट सिटी का वादा कहां पूरा हुआ?

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में शायद ही कोई ऐसा विभाग बचा हो जहां भ्रष्टाचार के आरोप न लगे हों। गरीबों के आवास, किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों से जुड़ी योजनाओं में लगातार अनियमितताओं की खबरें सामने आती रही हैं। यदि गरीबों और दलितों के लिए बनाई गई योजनाओं में भी कथित घोटाले सामने आ रहे हैं तो यह सरकार की जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न है।

सांसद ने मांग की कि अंबाला प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों, कर्मचारियों, एजेंटों तथा इसमें शामिल किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जिन गरीब लाभार्थियों के साथ अन्याय हुआ है उन्हें न्याय दिलाया जाए। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जनता के अधिकारों और गरीबों के हितों की रक्षा के लिए सदैव आवाज उठाती रहेगी और भ्रष्टाचार के प्रत्येक मामले को मजबूती से जनता के सामने लाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!