लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं
प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को जिला एवं उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे हैं समाधान शिविर
गुरुग्राम, 30 जुलाई- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा संचालित समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में एसडीएम हितेन्द्र कुमार ने नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम हितेन्द्र कुमार ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान उपलब्ध कराना है। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और उनकी शिकायतों का शीघ्र निवारण सुनिश्चित होता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण किया जाए तथा उसका निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रगति पर भी विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसडीएम ने बताया कि समाधान शिविर में कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों की सुनवाई करते हैं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डीडीपीओ नवनीत कौर, मेडिकल ऑफिसर प्रियंका, एलडीएम विनोद कुमार बजाज, एटीपी ज्योति यादव, प्लानिंग ऑफिसर सचिन सिंह, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, लेबर इंस्पेक्टर अनिल कुमार, रूपेश, एई रविंदर, अंजू बाला, एसडीओ सुमन कश्यप, इनवेस्टिगेटर संजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









