फरीदाबाद की छह विधानसभा में कांग्रेस का संगठनात्मक अभियान तेज, बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, छात्र आंदोलन, लोकतंत्र और जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा

फरीदाबाद/चंडीगढ़, 30 जुलाई।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा मामलों के प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुवार को फरीदाबाद जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों—फरीदाबाद, पृथला, बड़खल, तिगांव, बल्लभगढ़ और फरीदाबाद एनआईटी—में संगठनात्मक बैठकों को संबोधित करते हुए बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठकों में जिला, ब्लॉक, मंडल और बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन विस्तार, जनसंपर्क और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता की समस्याओं को सुनने, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा कांग्रेस की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हर बूथ को सक्रिय और मजबूत बनाकर संगठन को नई ऊर्जा देना है।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए संजय दत्त ने कहा कि संसद लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है, लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी बात रखने का पूरा अवसर नहीं दिया गया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाना लोकतंत्र को कमजोर करता है और सरकार को स्वस्थ एवं सार्थक संसदीय चर्चा का माहौल सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं से संवाद करना चाहिए, न कि बल प्रयोग। उन्होंने दोषियों की जवाबदेही तय करने और सरकार से माफी मांगने की भी मांग की।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के हर वर्ग की आवाज बनकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस हरियाणा में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने तथा जनसरोकारों के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बैठकों के दौरान विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने संबंधी सुझाव भी दिए। पार्टी नेतृत्व ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!