फील्ड में पहुंचकर दिए त्वरित समाधान के निर्देश, स्वच्छ एवं व्यवस्थित गुरुग्राम के लिए निगरानी अभियान जारी

गुरुग्राम, 30 जुलाई। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था, जलभराव की समस्या एवं सीवरेज प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने अलग-अलग स्थानों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी), जलभराव संभावित स्थलों तथा सीवरेज व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने बहरामपुर रोड स्थित जलभराव संभावित स्थल का निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने सरहौल गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) एवं सीवरेज ओवरफ्लो स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता टीम को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित सफाई एवं सीवरेज व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर का भी अवलोकन किया, जहां नगर निगम द्वारा वार्ड-2 की पार्षद ज्योत्सना यादव, विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं हरियाली की सराहना करते हुए इसे जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

इसी क्रम में अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने वार्ड-4 में निगम पार्षद प्रदीप पदम के साथ स्वच्छता समीक्षा बैठक भी की। बैठक में सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सफाई निरीक्षक भूपेंद्र, सहायक सफाई निरीक्षक अनुज तथा सभी स्वच्छता सुपरवाइजरों को वार्ड में नियमित निगरानी, समयबद्ध कचरा उठान एवं बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने धनकोट स्थित श्याम चौक पर गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी) का निरीक्षण कर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कूड़े के दोबारा डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाई जाए, नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा क्षेत्र को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम शहर की स्वच्छता, जल निकासी एवं नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित फील्ड निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की सतत निगरानी की जा रही है। जहां भी किसी प्रकार की कमी या लापरवाही पाई जाएगी, वहां तत्काल सुधारात्मक एवं आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हमारा लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।









