अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : एडीसी सोनू भट्ट
शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश, सेवा शिविरों में ग्रामीणों ने उठाया योजनाओं का लाभ

गुरुग्राम, 01 जुलाई। हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को पटौदी उपमंडल के गांव पहाड़ी में जिला प्रशासन की ओर से रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीसी सोनू भट्ट ने की। इस अवसर पर गांव के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने एसडीएम दिनेश लुहाच तथा अन्य अधिकारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को उसका अधिकार मिले।
संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य स्थानीय विकास से जुड़े विषय प्रशासन के समक्ष रखे। एडीसी ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली तथा प्रत्येक मामले के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और हर शिकायत की नियमित समीक्षा की जाएगी।

एडीसी ने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान प्राप्त होने वाली शिकायतों की डिजिटल माध्यम से लगातार निगरानी की जाती है। प्रत्येक प्रकरण की प्रगति पर नजर रखी जाती है ताकि निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यशैली का मूल उद्देश्य लोगों का विश्वास मजबूत करना और उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के प्रारंभ में एडीसी सोनू भट्ट तथा सभी अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम के तहत विभिन्न विभागों द्वारा सेवा शिविर भी लगाए गए, जहां ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों से मौके पर ही आवेदन प्राप्त किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य जांच कर लोगों को आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं आपूर्ति, शिक्षा, बिजली निगम, ग्रामीण विकास तथा अन्य विभागों ने भी अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी भी देखने को मिली।
इस अवसर पर डीडीपीओ नवनीत कौर, तहसीलदार रोहताश पंवार, नायब तहसीलदार मोहम्मद खान, बीडीपीओ नरेश कुमार, सरपंच लीलू राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।








