बस स्टैंड पर शौचालय बंद, बेंचों की कमी से यात्री परेशान: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस नेताओं के साथ बस स्टैंड का निरीक्षण, बुनियादी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग

गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने मंगलवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गुरुग्राम बस स्टैंड का दौरा कर वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड की बदहाल व्यवस्था पर चिंता जताते हुए सरकार और परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम जैसे प्रमुख शहर का मुख्य बस स्टैंड वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला शौचालय पर ताला लगा हुआ मिला, जिससे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान का दावा करने वाली सरकार के शासन में मुख्य बस स्टैंड पर ही शौचालय बंद होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि बस स्टैंड पर यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच उपलब्ध नहीं हैं। गर्मी और बरसात के मौसम में लोग फर्श पर बैठने को मजबूर हैं। रोजाना हजारों यात्रियों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की आवाजाही के बावजूद उनके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं होना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।

पंकज डावर ने कहा कि पिछले कई वर्षों से नए बस स्टैंड के निर्माण के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि सरकार नया बस स्टैंड बनाने में सक्षम नहीं है तो कम से कम पुराने बस स्टैंड में ही शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अधिकारी वातानुकूलित कार्यालयों में बैठे हैं, जबकि आम जनता बस स्टैंड पर मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हो रही है। गुरुग्राम जैसे मिलेनियम सिटी के बस स्टैंड की यह स्थिति सरकार के विकास संबंधी दावों की वास्तविकता उजागर करती है।

कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि बंद शौचालयों को तुरंत खोला जाए, स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बेंच और शेड लगाए जाएं।

इस अवसर पर सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा, हरिकेश प्रधान, विकास हुड्डा, श्याम लाल बामनिया, अमित कोचर, राजपाल यादव, भोले गुर्जर, राहुल नंबरदार, नरेश वशिष्ठ, राजीव यादव, अमन प्रजापति, मास्टर महेंद्र सैन, सतीश सांगवान, कार्तिक गहलोत, राहुल यादव, सुनील चौहान, शमीम खान, छोटे लाल, मनोज आहूजा, उदय भान शर्मा, सुमन देवी, मंजू, ओम प्रकाश खरेरा, भूपेश शुक्ला, तपन कुमार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!