सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में जगह-जगह कूड़े और मलबे के ढेर।
नियमित सफाई नहीं होने से बढ़ रही गंदगी और दुर्गंध।

गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर की बदहाल सफाई व्यवस्था स्थानीय लोगों, खासकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। परिसर में जगह-जगह कूड़े के ढेर और निर्माण मलबा जमा होने से यह सार्वजनिक स्थल धीरे-धीरे कूड़ाघर का रूप लेता जा रहा है।
वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब, गुरुग्राम इकाई के प्रधान धर्मसागर ने बताया कि कम्युनिटी सेंटर परिसर की नियमित सफाई नहीं होने के कारण यहां गंदगी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आसपास की इमारतों की तोड़फोड़ से निकला मलबा भी बेखौफ होकर इसी परिसर में डाला जा रहा है, जिससे हालात और भी खराब हो गए हैं।
धर्मसागर ने कहा कि क्लब के बुजुर्ग सदस्य यहां नियमित रूप से बैठकें आयोजित करते हैं, लेकिन चारों ओर फैली गंदगी, दुर्गंध और मलबे के कारण उन्हें स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण नहीं मिल पा रहा है। इससे वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते उचित रखरखाव नहीं किया गया तो लोग इस परिसर को पूरी तरह डंपिंग ग्राउंड बना देंगे। उन्होंने बंधवाड़ी स्थित मुख्य कूड़ाघर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां के आसपास रहने वाले लोग पहले से ही प्रदूषण और विभिन्न बीमारियों की समस्या झेल रहे हैं। सेक्टर-4 के कम्युनिटी सेंटर को भी उसी दिशा में धकेलने का प्रयास किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सोमवार को वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब के पदाधिकारियों ने नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर इस संबंध में लिखित शिकायत सौंपी। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि कम्युनिटी सेंटर को कूड़ाघर नहीं बनने दिया जाएगा तथा शीघ्र ही विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर से कूड़ा और निर्माण मलबा हटवाया जाएगा।








