क्लासिक मेनपावर एंड कंस्ट्रक्शन सर्विसेज एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना, नोटिस जारी कर मांगा जवाब
गुरुग्राम, 29 जून। नगर निगम गुरुग्राम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कार्य में लापरवाही बरतने पर ‘द क्लासिक मेनपावर एंड कंस्ट्रक्शन सर्विसेज’ एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही एजेंसी को नोटिस जारी कर निर्धारित शर्तों के अनुरूप कार्य करने तथा आवश्यक दस्तावेज निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के अनुसार एजेंसी को कार्यादेश के तहत निर्धारित संख्या में वाहन, चालक, हेल्पर एवं सुपरवाइजर तैनात करने थे। जोन-3 के पुनर्गठन के बाद एजेंसी को जोन-6 में 43 वाहनों सहित आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करनी थी, लेकिन निरीक्षण एवं उपलब्ध जानकारी के अनुसार एजेंसी निर्धारित संख्या में वाहन और जनशक्ति उपलब्ध कराने में विफल रही।
इसी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने एजेंसी पर एक लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया है। साथ ही एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि वह तत्काल आवश्यक संख्या में वाहन एवं स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करे और तीन दिन के भीतर वाहन तैनाती योजना, जीपीएस से संबंधित विवरण तथा 12 जून 2026 से तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति का रिकॉर्ड निगम को उपलब्ध कराए।
नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त डॉ प्रीतपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नागरिकों को बेहतर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सेवा उपलब्ध कराने के लिए सभी एजेंसियों को कार्यादेश की शर्तों का पूर्ण पालन करना होगा।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार स्वच्छता सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और कार्य में कोताही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम का उद्देश्य शहरवासियों को समयबद्ध, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण स्वच्छता सेवाएं उपलब्ध कराना है।








