पर्ल चौधरी के नेतृत्व में एसआईआर प्रक्रिया पर प्रशिक्षण बैठक में मतदान अधिकारों की सुरक्षा पर हुआ मंथन
पटौदी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर पटौदी कांग्रेस कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य आयोजक हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पटौदी से पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी पर्ल चौधरी रहीं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भारी भागीदारी देखने को मिली। राहुल गांधी के जन्मदिवस पर केक काटकर शुभकामनाएं दी गईं तथा संविधान, लोकतंत्र और मतदान के अधिकार की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद एवं गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे अभिनेता राज बब्बर, हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी, गुरुग्राम शहरी कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज डावर, गुरुग्राम ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष वर्धन यादव, एसआईआर प्रक्रिया प्रशिक्षण के प्रभारी विजेंद्र रंगा, पटौदी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि चौहान, डॉ. नरेंद्र यादव, मोती सरपंच, विकास पार्षद, नीरज मानेसर, जयपाल सरपंच, सीमा हुड्डा कटारिया, डॉ. सिमरन यादव, प्रवीण सरपंच, रमेश खंडेवला, प्रवीण पार्षद, डॉ. हरिओम, पहोप सरपंच, राजेश भारद्वाज, सुखबीर तंवर, सूबेदार राजेंद्र, मनोज यादव, फौजी हरि सिंह, राजेश वशिष्ठ बलेवा, सूबे सिंह यादव, खेमचंद, देवेंद्र सिंह, रामभगत गदईपुर, कर्मवीर, कैलाश खोड़, रवि बासलंबी, दयाचंद सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पटौदी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक भी आयोजित की गई।
अपने संबोधन में पर्ल चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी का जन्मदिन केवल एक राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य उसके युवा हैं, लेकिन आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। पेपर लीक जैसी घटनाएं युवाओं के सपनों को तोड़ रही हैं और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर उठ रहे सवाल जनता की चिंता बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने एसआईआर प्रक्रिया को लोकतंत्र की मजबूती से जोड़ते हुए कहा, “कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। यह केवल चुनावी प्रक्रिया नहीं बल्कि संविधान द्वारा दिए गए मतदान के अधिकार की रक्षा का अभियान है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
पूर्व सांसद राज बब्बर ने राहुल गांधी को देश के युवाओं, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज बताते हुए कहा कि आज देश को ऐसे नेतृत्व की आवश्यकता है जो संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निर्भीक होकर संघर्ष कर सके।
एसआईआर प्रक्रिया के प्रभारी विजेंद्र रंगा ने बीएलए-2 प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक रणनीति साझा की।
इस अवसर पर पटौदी ब्लॉक कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रवि चौहान का भी विशेष सम्मान किया गया। पर्ल चौधरी, राव नरेंद्र सिंह, राज बब्बर तथा उपस्थित नेताओं ने रवि चौहान को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पटौदी ब्लॉक में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य और तेज होगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने, युवाओं के भविष्य की सुरक्षा तथा राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।







