जिले में आज से शुरू हुआ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, घर-घर पहुंच रहे हैं बूथ लेवल अधिकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए शुरू हुआ एसआईआर-2026 अभियान

डीसी उत्तम सिंह ने की अपील, गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं आवश्यक जानकारी व दस्तावेज

गुरुग्राम, 15 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में आज से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-2026) की शुरुआत हो गई है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) गांवों, वार्डों, कॉलोनियों, सेक्टरों तथा रिहायशी सोसायटियों में घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके तथा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के रिकॉर्ड को समय पर अपडेट किया जा सके।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान बीएलओ मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमेरेशन फॉर्म) उपलब्ध करवा रहे हैं। इस प्रपत्र के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ मतदाताओं से मोबाइल नंबर, जन्म तिथि, आधार संख्या (स्वैच्छिक), माता-पिता अथवा पति-पत्नी का नाम सहित अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची में जिन मतदाताओं अथवा उनके माता-पिता का नाम दर्ज है, उन्हें केवल गणना प्रपत्र भरकर देना होगा। जबकि जिनका नाम वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उपलब्ध नहीं है, उन्हें निर्धारित दस्तावेजों में से कम से कम एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इन दस्तावेजों में जन्म प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, भूमि अथवा संपत्ति संबंधी अभिलेख सहित निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य वैध दस्तावेज शामिल हैं।

डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, नाम एवं पते में संशोधन तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि जब भी बीएलओ उनके क्षेत्र में पहुंचे तो उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर देकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला ने बूथों का किया निरीक्षण, मतदाताओं को समझाई एसआईआर-2026 की प्रक्रिया

बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीव सिंगला ने सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों एवं बूथों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन कार्य का जायजा लिया तथा गणना प्रपत्र भरवाने की प्रक्रिया की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने स्थानीय नागरिकों से भी संवाद किया और उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं को बताया कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाया जा रहा है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर जमा कर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दें।

संजीव सिंगला ने बीएलओ को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक घर तक पहुंचकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गणना प्रपत्र भरवाएं तथा मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप अभियान को पूरी पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जाए ताकि मतदाता सूची का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित हो सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!