विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज, 18 जून को जिला परिषद सभागार में होगा आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम सचिवों, जिला परिषद एवं ब्लॉक समिति सदस्यों की रहेगी सहभागिता

गुरुग्राम, 15 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 जून को स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार में आयोजित होने वाले विकसित भारत संकल्प सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुमित कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में डिप्टी सीईओ परमिंदर सिंह, जिला पंचायत अधिकारी नवनीत कौर, पंचायत विभाग के कार्यकारी अभियंता अजय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीईओ सुमित कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीण विकास से जुड़े हितधारकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिले की ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों, ग्राम सचिवों, जिला परिषद सदस्यों तथा ब्लॉक समिति सदस्यों को आमंत्रित किया जाए ताकि विकसित भारत के संकल्प को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।

सीईओ सुमित कुमार ने बताया कि सम्मेलन के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रत्येक नागरिक, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सम्मेलन में इस विषय पर वैचारिक मंथन किया जाएगा कि हम सभी अपने-अपने स्तर पर किस प्रकार योगदान देकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में भागीदार बन सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!