दिसंबर के अंत तक पूरा होगा नगर निगम गुरुग्राम का नया कार्यालय भवन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माणाधीन एमसीजी कार्यालय भवन का किया निरीक्षण, निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 15 जून। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने सोमवार को अधिकारियों की टीम के साथ महरौली-गुरुग्राम रोड स्थित व्यापार सदन, सेक्टर-14 में निर्माणाधीन नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए कि भवन निर्माण का कार्य 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि जनवरी 2027 से नए भवन में निगम का कामकाज शुरू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उनके साथ चीफ इंजीनियर विजय ढाका, कार्यकारी अभियंता संदीप सिहाग, कंसल्टेंट गोपाल धीमान सहित वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा नया निगम मुख्यालय

निर्माणाधीन एमसीजी कार्यालय भवन लगभग 8580 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 184 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। यह बहुमंजिला भवन आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जा रहा है, जिसमें नागरिकों एवं निगम अधिकारियों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। परियोजना के तहत भवन में तीन बेसमेंट सहित कुल 10 मंजिलें विकसित की जा रही हैं। भवन में पर्याप्त पार्किंग सुविधा, नागरिक सुविधा केंद्र, प्रदर्शनी क्षेत्र, सम्मेलन कक्ष, कार्यालय कक्ष, आधुनिक कार्यस्थल, सार्वजनिक सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

नागरिकों को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न सेवाएं

भवन के ग्राउंड फ्लोर पर सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर (सीएफसी) स्थापित किया जाएगा, जहां नागरिकों को संपत्ति कर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल एवं सीवर सेवाएं, शिकायत निवारण तथा अन्य नगर निगम सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सार्वजनिक सुविधाएं, प्रतीक्षालय, एटीएम, डिस्पेंसरी एवं अन्य नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

महापौर कार्यालय से लेकर अभियंत्रण शाखाओं तक सभी विभाग होंगे एक छत के नीचे

भवन की विभिन्न मंजिलों पर महापौर कार्यालय, उपमहापौर कार्यालय, पार्षद कक्ष, सम्मेलन कक्ष, वित्त शाखा, लेखा शाखा, आईटी एवं जीआईएस शाखा, अभियंत्रण शाखाएं, राजस्व विभाग, जनस्वास्थ्य एवं स्वच्छता शाखा सहित विभिन्न प्रशासनिक इकाइयों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। इससे निगम की विभिन्न शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

कर्मचारियों के लिए भी होंगी आधुनिक सुविधाएं

नए भवन में कर्मचारियों की सुविधा के लिए आधुनिक कार्यस्थल, बैठक कक्ष, मनोरंजन क्षेत्र, जिम, क्रेच, प्रशिक्षण एवं कॉन्फ्रेंस सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इससे कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा और प्रशासनिक कार्यों की दक्षता में वृद्धि होगी।

नए एमसीजी मुख्यालय में होगी व्यापक पार्किंग व्यवस्था

नागरिकों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निर्माणाधीन नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय भवन में बड़े स्तर पर पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। भवन के तीन बेसमेंट फ्लोर में कुल 411 कारों और 250 दोपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जा रही है। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर भी 5 अतिरिक्त कार पार्किंग की व्यवस्था होगी। पर्याप्त पार्किंग सुविधा उपलब्ध होने से नागरिकों को कार्यालय आने पर पार्किंग संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा तथा परिसर में यातायात प्रबंधन भी बेहतर रहेगा।

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयसीमा की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह भवन केवल एक कार्यालय नहीं, बल्कि नगर निगम गुरुग्राम के आधुनिक और नागरिक-केंद्रित प्रशासन का प्रतीक होगा। नए भवन के शुरू होने से निगम की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनेगी।

नागरिकों को मिलेगा बेहतर प्रशासनिक अनुभव

निगमायुक्त ने कहा कि नए कार्यालय भवन के संचालन से नागरिकों को एक ही परिसर में विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे समय की बचत होगी और शिकायतों तथा अन्य मामलों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह परियोजना गुरुग्राम को स्मार्ट और आधुनिक शहरी प्रशासन की दिशा में एक नई पहचान प्रदान करेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!