सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर चलाया जाएगा विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान : डीसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*डीसी उत्तम सिंह ने दी जानकारी, 20 जून तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम, सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने पर रहेगा फोकस*

*केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह करेंगे 12 जून को गुरुग्राम में मीडिया से संवाद*

गुरुग्राम, 10 जून। डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि भारत और हरियाणा सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गुरुग्राम जिला में आगामी 20 जून तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा गत 12 वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने यह बात बुधवार की शाम लघु सचिवालय में इस अभियान की जानकारी देते हुए कही। 

इससे पहले, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण गुप्ता ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गुरुग्राम सहित प्रदेश के सभी जिलों के डीसी के साथ अभियान को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंस में जिला में की गई तैयारियों के बारे में प्रधान सचिव को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 20 जून तक चलाए जाने वाले विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां दी जाएंगी। साथ ही प्रचार अभियान के दौरान सभी समारोह में मंत्रीगण, सांसदगण, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएगा। 

वीसी के उपरांत डीसी ने बताया कि केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह 12 जून को गुरुग्राम में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे और सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी सांझा करेंगे।

उल्लेखनीय है कि विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत जिला में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि लोगों के बीच जाकर संवाद स्थापित करेंगे। इसके तहत जनप्रतिनिधियों के दौरे भी प्रस्तावित हैं, जिनके दौरान विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि वन एवं पर्यावरण विभाग द्वारा 13 जून को जिला में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ-साथ शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा। नगर निकाय क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायतों के सहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।

डीसी ने कहा कि युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘प्रगति पथ’ से जुड़ी प्रदर्शनी जिला मुख्यालय पर आयोजित की जाएंगी, जिनमें 12 साल की सरकार की उपलब्धियों का लेखा—जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन को सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही बच्चों के लिए विशेष रूप से विकसित भारत, विकसित हरियाणा विषय पर चित्रकला व पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इसके साथ—साथ किसानों को प्राकृतिक खेती के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए विशेष रूप से कृषि विभाग तथा पशुपालन विभाग द्वारा जागरूकता शिविर व पशु संवर्धन मेले आयोजित किए जाएंगे। 

उन्होंने बताया कि विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विशेष प्रचार अभियान, जिला मुख्यालय तथा उपमंडल स्तर पर जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाने को लेकर भी चर्चा हुई। इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी और मौके पर ही समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर सीटीएम ज्योति नागपाल व जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। 

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!