गुरुग्राम, 10 जून। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने उपभोक्ताओं से ऊर्जा संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर न केवल बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
जारी जागरूकता संदेश में विक्रम सिंह ने उपभोक्ताओं को ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्बों का उपयोग करने, अनावश्यक रूप से चल रहे विद्युत उपकरणों को बंद रखने तथा उपयोग में न होने पर चार्जर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालने की सलाह दी। उन्होंने ऊर्जा दक्ष उपकरणों को प्राथमिकता देने, भवनों की छत एवं दीवारों का उचित इन्सुलेशन कराने तथा सौर ऊर्जा अपनाने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि एयर कंडीशनर (एसी) का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रखने से बिजली की खपत में कमी लाई जा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार एसी का तापमान प्रत्येक एक डिग्री बढ़ाने पर लगभग छह प्रतिशत तक ऊर्जा की बचत संभव है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को 5-स्टार रेटिंग वाले ऊर्जा दक्ष एसी एवं अन्य विद्युत उपकरणों के उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने डीएचबीवीएन एवं यूएचबीवीएन के सभी उपभोक्ताओं से बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा ऊर्जा बचत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
ऊर्जा बचत के प्रमुख सुझाव
- एलईडी बल्बों का उपयोग करें।
- उपयोग में न होने वाले विद्युत उपकरण बंद रखें।
- चार्जर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकालें।
- 5-स्टार रेटिंग वाले ऊर्जा दक्ष उपकरण अपनाएं।
- एसी का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रखें।
- भवनों में उचित इन्सुलेशन कराएं।
- सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दें।
इस अवसर पर निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली की बचत को एक जनआंदोलन का रूप दें, ताकि ऊर्जा संसाधनों का संरक्षण हो और पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाया जा सके।









