मोदी सरकार के 12 साल का कार्यकाल स्थिरता और परिवर्तन का अद्भुत अध्याय: ज्योतिरादित्य सिंधिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

12 सालों में तकनीकी और डिजिटल विकास के क्षेत्र में भी रचा गया नया इतिहास: सिंधिया

रोहतक/चंडीगढ़, 9 जून। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर कहा कि यह भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण है। पिछले 12 वर्षों में देश ने दो बड़ी शक्तियों का साक्षात अनुभव किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री के रूप में स्वयं को स्थापित किया है।

श्री सिंधिया रोहतक में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज भी मौजूद रहे।

श्री सिंधिया ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की औसत आर्थिक विकास दर लगभग 7 प्रतिशत रही है, जिसके आधार पर देश में अभूतपूर्व परिवर्तन देखने को मिला है। यह 12 वर्षों का कार्यकाल भारत की दिशा, वैश्विक मंच पर उसकी स्थिति और प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित होगा।

सिंधिया ने कहा कि चाहे जी-20 की अध्यक्षता हो, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हो या वैक्सीन मैत्री अभियान, भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क बढ़कर लगभग 1.5 लाख किलोमीटर तक पहुंच गया है। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 160 हो रही है, जबकि रेलवे के विकास और क्षमता में चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व बदलाव आए हैं और आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। भारत का लक्ष्य स्पष्ट है—‘विकसित भारत 2047’। इस लक्ष्य को पूर्ण रूप से हासिल करने के लिए प्रत्येक भारतीय का योगदान आवश्यक है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!