प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने सौर ऊर्जा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीएम सूर्य घर योजना के मई माह के प्रदर्शन में सिरसा और रेवाड़ी रहे अग्रणी

गुरुग्राम, 8 जून 2026 । दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) एवं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के नेतृत्व में प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति मिली है। मई 2026 को “मंथ ऑफ सोलर” के रूप में मनाते हुए विभिन्न सर्कलों, डिवीजनों और उपमंडलों ने सौर ऊर्जा अपनाने को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

योजना के सफल क्रियान्वयन में फील्ड अधिकारियों, बैंकों तथा अधिकृत वेंडरों की सक्रिय भागीदारी और समर्पित प्रयासों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रेरित करने तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाने के परिणामस्वरूप राज्य में सौर ऊर्जा अपनाने की गति लगातार बढ़ रही है।

यूएचबीवीएन कॉन्फ्रेंस हॉल, पंचकूला में आयोजित एक समारोह में प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने मई माह के दौरान अधीक्षण अभियंता (एसई), कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) तथा उपमंडल अधिकारी (एसडीओ) स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कार्यालयों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मई माह के प्रदर्शन में अधीक्षण अभियंता श्रेणी में सिरसा सर्कल ने 1,047 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यकारी अभियंता श्रेणी में एक्सईएन सिटी डिवीजन, सिरसा ने 459 स्थापनाओं के साथ पहला स्थान हासिल किया। एक्सईएन फतेहाबाद डिवीजन 383 स्थापनाओं के साथ दूसरे तथा एक्सईएन रेवाड़ी डिवीजन 361 स्थापनाओं के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

उपमंडल अधिकारी श्रेणी में सिटी सिरसा सब-डिवीजन ने 208 स्थापनाओं के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। सिविल लाइन हिसार सब-डिवीजन 128 स्थापनाओं के साथ दूसरे तथा सातरोड सब-डिवीजन 116 स्थापनाओं के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

रेवाड़ी सर्कल ने भी योजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के अग्रणी सर्कलों में अपनी विशेष पहचान बनाई। मई माह के प्रदर्शन के अतिरिक्त, समग्र (ओवरऑल) वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर भी एसई रेवाड़ी सर्कल, एक्सईएन रेवाड़ी डिवीजन तथा एसडीओ सातरोड को विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया। इन कार्यालयों ने उपभोक्ता जागरूकता, सौर संयंत्र स्थापना तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में निरंतर उत्कृष्ट योगदान दिया है।

वेंडर श्रेणी में एनविजन एंटरप्राइजेज ने 146 स्थापनाओं के साथ प्रथम, सनराइज सोलर सॉल्यूशन ने 120 स्थापनाओं के साथ द्वितीय तथा डसॉल्ट एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने 104 स्थापनाओं के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बैंक श्रेणी में पंजाब नेशनल बैंक ने 834 मामलों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 753 मामलों के साथ दूसरे तथा केनरा बैंक 212 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

बिजली निगम के प्रवक्ता संजय चुघ ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रति उपभोक्ताओं की बढ़ती रुचि, बैंकों की सक्रिय भागीदारी तथा वेंडरों के सहयोग से राज्य में रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना उपभोक्ताओं को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बिजली बिलों में उल्लेखनीय बचत सुनिश्चित कर रही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को सम्मानित करने से अन्य क्षेत्रों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिल रही है, जिससे हरियाणा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी स्थिति और मजबूत कर रहा है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!