सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 4 जून को कुरुक्षेत्र में होगा अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देश-विदेश की कंपनियों से जुड़ेंगे युवा, रोजगार और कौशल विकास के मिलेंगे नए अवसर

जर्मनी, यूएई, कनाडा समेत कई देशों में रोजगार संभावनाओं की दी जाएगी जानकारी

4 जून को डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन में आयोजित होगा “नवीन अवसर अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव”

थानेसर/कुरुक्षेत्र,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 30 मई। नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में 4 जून 2026 को डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन, सेक्टर-8, कुरुक्षेत्र में “नवीन अवसर अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं को देश और विदेश में उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इस संबंध में कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान रोजगार महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई तथा कार्यक्रम का पोस्टर भी लॉन्च किया गया।

नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से आयोजित यह अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित होगा।

डॉ. मिश्रा ने बताया कि रोजगार महोत्सव में स्वास्थ्य सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, कंस्ट्रक्शन, आईटी, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग और ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, कनाडा, ओमान, कतर और वियतनाम सहित कई देशों में रोजगार संभावनाओं की जानकारी भी युवाओं को दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में भाग लेने वाले युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और रुचि के आधार पर काउंसलिंग की जाएगी तथा उन्हें उपयुक्त रोजगार अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन केवल नौकरी दिलाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण में भी सहायक सिद्ध होगा।

डॉ. मनीष मिश्रा ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की कि वे इस महत्त्वपूर्ण पहल की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं और अभिभावकों तक पहुंचाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।

इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन के अभिषेक सहगल ने कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि केंद्र अब तक हजारों युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ चुका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह रोजगार महोत्सव क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

रोजगार महोत्सव 4 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस), भूषण मंगला, डॉ. राज कुमार, रोहित गुप्ता, विनोद गर्ग सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!