पर्ल चौधरी बोलीं — “असली वोट कटे नहीं और नकली वोट बने नहीं” के मूल मंत्र पर 259 बूथों पर तैनात होंगी काँग्रेस बूथ इंस्पेक्टर की टीमें
गुरुग्राम/पटौदी। हरियाणा में अगले सप्ताह शुरू होने जा रही एस आई आर प्रक्रिया को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है। 2024 विधानसभा चुनाव में पटौदी सीट से चुनाव लड़ चुकी हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने भाजपा पर वोट चोरी के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब हर बूथ पर लोकतंत्र की रक्षा के लिए “सीबीआई” तैनात करेगी।
चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद पर्ल चौधरी ने कहा कि एस आई आर प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि
“असली वोट कटे नहीं और नकली वोट बने नहीं।”
उन्होंने बताया कि यह मूल मंत्र उन्हें प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा जी ने दिया। इस अवसर पर हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जी ने भी पार्टी के वॉर रूम और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
पर्ल चौधरी ने दावा किया कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटचोरी करके लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किया गया था, पटौदी विधानसभा के 259 बूथों में 152 बूथों में ईवीएम की बैटरी काउंटिंग वाले दिन 99% चार्जड थी जिसकी जानकारी लिखित रूप से निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई थी। इस तरह के मुद्दे और मतदाता सूची में गड़बड़ी को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी ने भी समय समय पर उठाया है
पर्ल चौधरी ने बताया कि कांग्रेस द्वारा सीबीआई यानी काँग्रेस बूथ इंस्पेक्टर की विशेष टीम बनाई गई है, जो पटौदी विधानसभा के 259 बूथों पर मतदाता सूचियों के संसोधन पर कड़ी नजर रखेगी। उन्होंने कहा कि यह टीम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा संविधान में दिए गए 18 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के मतदान के अधिकार की रक्षा करने का काम करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि जो लोग लोकतंत्र की इस लड़ाई में शामिल होना चाहते हैं, वे अपना बूथ नंबर और वोटर आईडी साझा कर टीम का हिस्सा बन सकते हैं।
कांग्रेस की इस पहल को भाजपा के खिलाफ सीधे राजनीतिक प्रहार के रूप में देखा जा रहा है। एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही पटौदी विधानसभा में राजनीतिक सक्रियता बढ़ गई है और दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
पर्ल चौधरी ने कहा कि, मतदान का अधिकार हमारे पूर्वजों ने गोरों को भगाकर हासिल किया था, अब जनता वोटचोरों को भगाएगी।”








