– नमाज स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों और बाजारों में रहेगी विशेष निगरानी
– सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
गुरुग्राम, 27 मई। आगामी ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस उपायुक्तों के सुपरविजन में कुल 860 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा सभी प्रमुख नमाज स्थलों, ईदगाहों, संवेदनशील इलाकों, बाजारों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीसीआर, राइडर और पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय रखा जाएगा। इसके अलावा विशेष पुलिस टीमें भी लगातार निगरानी करेंगी।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, भ्रामक संदेश प्रसारित करने अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शांति समिति के सदस्यों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि पर्व आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाया जा सके।







