अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस–2026 के तहत गुरुग्राम में स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता शिविर आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

“योग युक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज” के निर्माण की दिशा में आयुष विभाग की पहल

गुरुग्राम, 27 मई। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की तैयारियों के तहत आयुष विभाग एवं हरियाणा योग आयोग के निर्देशानुसार जिला गुरुग्राम के सभी आयुष स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को योग, प्राणायाम, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के मार्गदर्शन तथा जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। सभी केंद्रों पर योग प्रशिक्षकों एवं आयुष चिकित्सकों ने सुव्यवस्थित ढंग से योग गतिविधियों का संचालन किया।

इस दौरान प्रतिभागियों को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नियमित योग अभ्यास तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा एवं जीवनशैली से जुड़ी अन्य बीमारियों के नियंत्रण में अत्यंत लाभकारी है।

शिविरों में आयुर्वेद आधारित स्वास्थ्य परामर्श सत्र भी आयोजित किए गए, जिनमें आयुष चिकित्सकों ने संतुलित आहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के महत्व के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि आगामी दिनों में जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, व्यायामशालाओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत स्तर एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन सतत प्रयासों के माध्यम से गुरुग्राम में “योग युक्त, स्वस्थ एवं सशक्त समाज” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!