बिजली निगम के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर, हर कॉलोनी में लोग परेशान
बिजली कटौती के साथ महंगाई की मार, पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के बढ़ते दामों पर भी सरकार घिरी
गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने गुरुग्राम में लगातार बढ़ रही बिजली किल्लत को लेकर हरियाणा सरकार और बिजली निगम पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार और बिजली विभाग रिकॉर्ड बिजली सप्लाई के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन गुरुग्राम की जमीनी हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। शहर की लगभग हर कॉलोनी और सेक्टर में लोग अघोषित बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ट्रांसफार्मर फॉल्ट जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
पंकज डावर ने कहा कि भारी-भरकम बिजली बिल भरने के बावजूद उपभोक्ताओं को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। दिनभर बिजली कटने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लो वोल्टेज के कारण टीवी, फ्रिज और अन्य घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग शिकायतों को गंभीरता से नहीं ले रहा और शिकायत केंद्रों पर लोगों की कॉल तक रिसीव नहीं की जाती।
उन्होंने कहा कि समस्या की सबसे बड़ी वजह कमजोर बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर और विभागीय लापरवाही है। हरियाणा बिजली नियामक आयोग द्वारा शहरी फीडरों में लाइन लॉस 20 प्रतिशत से अधिक न होने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन गुरुग्राम में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। रिकॉर्ड बिजली सप्लाई के दावे और धरातल की वास्तविकता के बीच का अंतर अब आम जनता के लिए रोज की परेशानी बन चुका है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि शहर के दर्जनों सेक्टरों और कॉलोनियों में रोजाना 4 से 6 घंटे तक अघोषित बिजली कटौती हो रही है। लगातार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारी वर्ग भी परेशान है। लोगों को महंगी दरों पर बिजली खरीदनी पड़ रही है, फिर भी उन्हें पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिल रही।
पंकज डावर ने कहा कि एक ओर बिजली निगम रिकॉर्ड बिजली खपत और सप्लाई के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जनता भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रही है। खासकर पुराने गुरुग्राम में स्थिति अधिक गंभीर बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को गर्मी में परेशान होने के लिए छोड़ चुकी है।
उन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। डावर ने कहा कि बिजली संकट के साथ-साथ सरकार लगातार पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम बढ़ाकर आम जनता पर दोहरी मार कर रही है। मंगलवार को फिर ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई। उन्होंने बताया कि पेट्रोल की कीमत 102.59 रुपये प्रति लीटर, डीजल 95.27 रुपये प्रति लीटर और सीएनजी 86.12 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुकी है। केवल मई महीने में ही पेट्रोल के दामों में 7 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जिससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ा है।
पंकज डावर ने कहा कि सरकार को केवल दावे करने के बजाय बिजली व्यवस्था सुधारने और महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके।








