विश्व रक्तदान दिवस से पहले HALSA की पहल, PGIMER के सहयोग से आयोजित हुआ शिविर
बिना प्रचार अभियान के उमड़ी भीड़, पुलिसकर्मियों, ITBP जवानों और आमजन ने किया रक्तदान
गर्मियों में रक्त की कमी दूर करने के उद्देश्य से लगाया गया विशेष स्वैच्छिक शिविर

पंचकूला, 26 मई। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA) द्वारा आज सेक्टर-14 स्थित प्रशासनिक भवन में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग PGIMER चंडीगढ़ के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनता की ओर से उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली और कुल 314 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
यह जानकारी देते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला श्री अजय कुमार घांघस ने बताया कि यह शिविर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष HALSA श्री जगदीप सिंह लोहान के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गर्मियों के दौरान रक्तदान में कमी के चलते अस्पतालों और ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता प्रभावित होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए 14 जून को मनाए जाने वाले ‘विश्व रक्तदान दिवस’ से पूर्व यह विशेष शिविर लगाया गया, ताकि गंभीर मरीजों के लिए रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
शिविर का उद्घाटन पंजाब राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग की सदस्य श्रीमती किरण सिब्बल ने किया। उन्होंने HALSA और PGIMER चंडीगढ़ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। उन्होंने युवाओं और आमजन से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर श्री जगदीप सिंह लोहान ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि HALSA केवल कानूनी सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक कल्याण और मानवीय कार्यों के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज में करुणा, सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करती हैं।
शिविर की विशेष बात यह रही कि बिना किसी बड़े प्रचार अभियान के भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से भाग लिया। इससे समाज में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जागरूकता का परिचय मिला।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त श्रीमती सृष्टि गुप्ता और अतिरिक्त उपायुक्त निशा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
रक्तदान शिविर का संचालन PGIMER चंडीगढ़ के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. सुचेत सचदेव के नेतृत्व में 15 से 20 सदस्यीय चिकित्सा टीम द्वारा किया गया। डॉ. सचदेव ने मई से जुलाई के बीच रक्त की कमी वाले समय में ऐसे शिविरों की आवश्यकता पर जोर देते हुए HALSA द्वारा वातानुकूलित और सुव्यवस्थित व्यवस्था में शिविर आयोजित करने की सराहना की।
शिविर में पुलिस अधिकारियों, ITBP जवानों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में श्री अजय कुमार घांघस ने कहा कि HALSA भविष्य में भी समाजहित और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाली ऐसी गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।








