3 जून को ओटू हेड सिरसा में होगी राज्य स्तरीय महापंचायत, हजारों किसान-मजदूर होंगे शामिल

बरवाला, 26 मई। प्रशासन और सरकार की अनदेखी के विरोध में मंगलवार को बधावढ़ गांव के बाबा नागा पार्क में किसान-मजदूर पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में किसानों ने क्षेत्र में जलभराव, फसल नुकसान और मुआवजे की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया। पंचायत की अध्यक्षता नफे सिंह पूर्व सरपंच, मा. फूल सिंह और कर्मवीर जलंधरा ने संयुक्त रूप से की। आयोजन अखिल भारतीय किसान सभा और खेत मजदूर यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जबकि संचालन रोहतास राजली और जितेंद्र बूरा ने किया।
पंचायत को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया ने कहा कि पिछले वर्ष आई बाढ़ और बारिश से बधावढ़, राजली, पंघाल, सरसौद, बिछपड़ी, खेड़ी बर्की, ढाणी गारण, खान बहादुर, डाटा, गुराणा, लितानी, खैरी, फरीदपुर, कंडूल, किनाला और भेरिया सहित अनेक गांवों में खरीफ फसलों को भारी नुकसान हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को आज तक पूरा मुआवजा नहीं मिला और जिन लोगों के मकान टूटे, उन्हें भी कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई।
किसान सभा के राज्य प्रधान मा. बलबीर सिंह और प्रदेश महासचिव सुमित दलाल ने कहा कि बाढ़ को एक वर्ष बीत चुका है और अब फिर से बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, लेकिन प्रशासन ने जल निकासी के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल करोड़ों रुपये का बजट जारी होता है, लेकिन धरातल पर कार्य नहीं होने से किसान और मजदूरों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नेताओं ने चेतावनी दी कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने घोषणा की कि 3 जून को सिरसा के ओटू हेड पर राज्य स्तरीय महापंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों किसान और मजदूर भाग लेंगे।
पंचायत के दौरान तहसीलदार बरवाला रविंदर सिंह और एसडीओ मौके पर पहुंचे तथा किसानों से ज्ञापन लिया। हालांकि पंचायत में मौजूद लोग अधिकारियों के आश्वासनों से संतुष्ट नजर नहीं आए।
किसानों और मजदूरों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो प्रशासनिक दफ्तरों का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य अध्यक्ष मा. बलबीर सिंह, महासचिव सुमित दलाल, जिला सचिव सरबत सिंह पूनिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष समशेर नम्बरदार, खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन के जिला प्रधान डॉ. मिया सिंह बिठमड़ा, सचिव रोहतास Rajli, सत्यवान रेढू, सितेंद्र कौथ, सरदानंद राजली, धोल जेवरा, नरेश भ्याण, शकुंतला जाखड़, दिनेश सिवाच, कमला, कर्मबीर, चंद्र प्रकाश, वेदप्रकाश बूरा, रमेश नम्बरदार, नफे सिंह, कृष्ण कुमार, भरत सिंह नम्बरदार, रामफल नम्बरदार पंघाल, बलजीत सिहाग, दिलबाग हुड्डा, ओमप्रकाश ढाणी, मोहनलाल राजली, रामनिवास खरकपुनिया, धूप सिंह, बलवान बैनिवाल, ओम प्रकाश फोगाट, कुलदीप पंघाल, रमेश मिरकां और प्रकाश गुराणा सहित अनेक किसान-मजदूर नेता मौजूद रहे।









