वार्ड-20 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

40 सफाई कर्मचारियों, 4 ट्रैक्टर और 1 जेसीबी की मदद से व्यापक सफाई अभियान, कचरा एवं मलबा हटाकर क्षेत्र को किया स्वच्छ

गुरुग्राम, 26 मई। नगर निगम गुरुग्राम के जोन 4 क्षेत्र अंतर्गत वार्ड-20 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों, सड़कों, खाली प्लॉटों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सफाई कार्य किया गया, जिससे क्षेत्र में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

इस विशेष अभियान में 40 सफाई कर्मचारियों, 4 ट्रैक्टरों एवं 1 जेसीबी मशीन को तैनात किया गया। टीमों ने विभिन्न स्थानों से कचरा, मलबा, झाड़ियां एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाकर क्षेत्र की व्यापक सफाई की। जेसीबी मशीन की सहायता से भारी मात्रा में जमा मलबे और कूड़े को उठाया गया, जबकि ट्रैक्टरों के माध्यम से उसे निर्धारित डंपिंग स्थलों तक पहुंचाया गया।

नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना, नागरिकों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना तथा बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वच्छ परिवेश सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही नागरिकों को भी अपने आसपास सफाई बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ गुरुग्राम के निर्माण में अपना सहयोग दें तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने से बचें।

नगर निगम गुरुग्राम स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के निर्माण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु विशेष अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!