लोक भवन पहुंच राज्यपाल को किया आमंत्रित

चंडीगढ़, 25 मई – राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) के उत्तर भारत क्षेत्र के जोन-2 सम्मेलन की तैयारियों के सिलसिले में हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद विधान सभा अध्यक्ष ने हरियाणा लोक भवन पहुंच प्रदेश के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष को सम्मेलन में शामिल होने के लिए विधिवत निमंत्रण दिया।
बैठक में सम्मेलन की विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण सम्मेलन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के नॉर्थ जोन सम्मेलन एक विशिष्ट श्रेणी का आयोजन है। इसलिए प्रत्येक व्यवस्था पर गहराई से विचार कर योजना इस प्रकार से बनाएं कि कम से कम संसाधनों का प्रयोग हो।
विस अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में 8 से 10 जून तक होने वाला यह सम्मेलन लोकतांत्रिक मूल्यों को समर्पित रहेगा। बैठक में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के एम पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान व हरियाणा विधान सभा के अधिकारी मौजूद रहे।








