रोटरी क्लब साउथ सेंट्रल दिल्ली ने उपलब्ध कराईं आधुनिक मशीनें, जरूरतमंदों को सस्ती दरों पर मिलेगा उपचार

गुरुग्राम। भारत विकास परिषद् के महाराणा प्रताप न्यास द्वारा संचालित विवेकानन्द आरोग्य केन्द्र में अत्याधुनिक रेटीना सेंटर का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब साउथ सेंट्रल दिल्ली की ओर से सेंटर के लिए अत्याधुनिक मशीनें प्रदान की गईं, जिसमें समाजसेवी दिनेश कुमार झुनझुनवाला एवं उनके परिवार का विशेष एवं अतुलनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि विवेकानन्द आरोग्य केन्द्र पिछले आठ वर्षों से जरूरतमंद लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं अत्यंत सस्ती दरों पर उपलब्ध करा रहा है। केंद्र में कैंसर, हृदय रोग, डायलिसिस, मोतियाबिंद ऑपरेशन, विभिन्न प्रकार की सर्जरी, सभी आवश्यक जांच, आईसीयू सहित अनेक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

अब रेटीना सेंटर की स्थापना से आंखों की गंभीर बीमारियों का आधुनिक उपचार भी लोगों को किफायती दरों पर मिल सकेगा। उल्लेखनीय है कि रेटीना से संबंधित उपचार सामान्यतः काफी महंगा होता है तथा इसकी सुविधाएं सीमित स्थानों पर ही उपलब्ध हैं। ऐसे में यह सेंटर क्षेत्र के मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रवि गुगनानी ने कहा कि रोटरी क्लब समाजसेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहा है और विवेकानन्द आरोग्य केन्द्र के साथ मिलकर जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर दिनेश कुमार झुनझुनवाला, दिनेश गोयल (डायरेक्टर कम्युनिटी सर्विसेज), मुकेश अग्रवाल (प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर), अरुण क्यारूका भारत विकास परिषद् न्यास के महासचिव विवेकानंद तिवारी, कमल अग्रवाल, राकेश बत्रा, भारत विकास परिषद् के राष्ट्रीय सदस्य, ट्रस्ट एवं सोसाइटी से अनिल बंसल, गुरुग्राम की मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष तिलक राज मल्होत्रा, नीरजा बत्रा, अरुण महेश्वरी सहित बड़ी संख्या में क्लब एवं परिषद् के सदस्य उपस्थित रहे।








