गर्मी बढ़ने के साथ बिजली उपभोग में तेज उछाल, गुरुग्राम-II सर्किल सबसे आगे
गुरुग्राम, 23 मई 2026 । हरियाणा सरकार के विशेष ऊर्जा सचिव एवं उत्तर तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन क्षेत्र में भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार नए स्तर छू रही है। 22 मई 2026 को निगम क्षेत्र में कुल बिजली खपत 1536.67 लाख यूनिट दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष के समान दिन की तुलना में 33.54 प्रतिशत अधिक रही।
दिल्ली जोन में सर्वाधिक बिजली खपत दर्ज
निगम द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार दिल्ली जोन में सर्वाधिक 1054.35 लाख यूनिट बिजली खपत दर्ज हुई, जबकि हिसार जोन में 482.32 लाख यूनिट बिजली उपभोग रहा।
दिल्ली जोन के अंतर्गत गुरुग्राम-II सर्किल ने सर्वाधिक 317.63 लाख यूनिट बिजली खपत दर्ज की। इसके बाद फरीदाबाद सर्किल में 271.27 लाख यूनिट तथा गुरुग्राम-I सर्किल में 200.61 लाख यूनिट बिजली मांग दर्ज की गई।
वहीं हिसार जोन में हिसार सर्किल ने 119.08 लाख यूनिट तथा भिवानी सर्किल ने 102.80 लाख यूनिट बिजली खपत दर्ज की।
शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ी मांग
आंकड़ों के अनुसार कृषि, ग्रामीण घरेलू, शहरी तथा औद्योगिक सभी श्रेणियों में बिजली मांग में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। निगम क्षेत्र में शहरी श्रेणी की बिजली खपत सबसे अधिक 692.30 लाख यूनिट रही, जबकि औद्योगिक श्रेणी में 356.50 लाख यूनिट बिजली उपभोग दर्ज किया गया।
प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान तथा एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य विद्युत उपकरणों के बढ़ते उपयोग के कारण बिजली मांग में तेजी से वृद्धि हो रही है। बढ़ती मांग को देखते हुए बिजली निगम द्वारा निर्बाध एवं सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।









