हरियाणा ईवी और ऑटोमोबाइल विनिर्माण का बनेगा वैश्विक हब : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में उद्योग प्रतिनिधियों और निवेशकों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक

 हरियाणा एंटरप्राइज प्रमोशन सेंटर के माध्यम से निवेशकों को दी जा रही हैं बेहतर सुविधाएं और सिंगल विंडो सेवाएं

 राज्य में विश्व स्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योग अनुकूल नीतियां निवेशकों को कर रही हैं आकर्षित

चंडीगढ़, 22 मई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार राज्य को इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) और ऑटोमोबाइल विनिर्माण के क्षेत्र में देश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य को लेकर नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने उद्योग प्रतिनिधियों, निवेशकों और संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की।

बैठक में हरियाणा के औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाओं तथा एकीकृत ईवी एवं ऑटोमोटिव विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की रणनीति पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान वैश्विक ईवी निर्माता कंपनी VinFast से संबंधित केस प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया, जिसमें हरियाणा में संभावित निवेश एवं विनिर्माण अवसरों को रेखांकित किया गया।

 मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर VinFast कंपनी की कार को चलाकर भी देखा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए पारदर्शी नीतियां, बेहतर कानून व्यवस्था, कुशल मानव संसाधन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और उत्कृष्ट कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर से निकटता, राष्ट्रीय राजमार्गों और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क की मजबूत उपलब्धता हरियाणा को ऑटोमोबाइल एवं ईवी उद्योग के लिए सबसे उपयुक्त गंतव्य बनाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा एंटरप्राइज प्रमोशन सेंटर के माध्यम से निवेशकों को सिंगल विंडो सिस्टम के तहत सभी आवश्यक अनुमतियां और सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को और अधिक मजबूत किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई तकनीकों, हरित ऊर्जा और टिकाऊ औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। हरियाणा में ईवी निर्माण, बैटरी उत्पादन, ऑटो कंपोनेंट्स और अनुसंधान एवं विकास से जुड़े क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएं हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि उद्योग जगत और सरकार के बीच मजबूत समन्वय से हरियाणा आने वाले समय में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और ऑटोमोटिव विनिर्माण क्षेत्र में वैश्विक पहचान स्थापित करेगा।

मीटिंग में हरियाणा के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, विनग्रुप एशिया के सीईओ एवं विनफास्ट इंडिया के एमडी राजदूत फाम सन्ह चौ, राजदूत चौ के सहायक न्गुयेन फाम वान होआन, डॉ नीना मल्होत्रा आईएफएस सचिव साउथ, इंडस्ट्री एंड कॉमर्स विभाग हरियाणा के आयुक्त एवं सचिव  डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक डॉ यश गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योगपति मौजूद थे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!