अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ. जयवीर यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्यप्रणाली अपनाने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 22 मई। नगर निगम गुरुग्राम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. जयवीर यादव ने जोन-3 की टैक्स शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित कर टैक्स संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में टैक्स से जुड़े विभिन्न कार्यों को प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
डॉ. जयवीर यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और तत्परता के साथ किया जाए।
बैठक के दौरान उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, टैक्स संबंधी रिकॉर्ड को अपडेट रखने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं जवाबदेही के साथ करें ताकि नागरिकों को समय पर सेवाओं का लाभ मिल सके।
अतिरिक्त निगमायुक्त डॉ जयवीर यादव ने स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं और राजस्व संग्रहण से जुड़े लक्ष्यों को प्रभावी रणनीति के साथ हासिल किया जाए। उन्होंने टीमवर्क, अनुशासन एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया।









