“देश का नाम रोशन करने वाली हरियाणा की बेटी के साथ भेदभाव अस्वीकार्य”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विनेश फोगाट मामले में हाईकोर्ट की फटकार पर बोलीं पर्ल चौधरी

गुरुग्राम। हरियाणा प्रदेश महिला काँग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय पहलवान एवं जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा WFI को लगाई गई फटकार का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक खिलाड़ी का मामला नहीं, बल्कि देश की बेटियों के सम्मान, समान अवसर और न्याय से जुड़ा मुद्दा है।

पर्ल चौधरी ने कहा कि हाईकोर्ट ने बिल्कुल सही सवाल उठाया है कि जब देश के कई मशहूर खिलाड़ियों को नियमों में राहत और अवसर दिए जाते रहे हैं, तो फिर विनेश फोगाट के साथ अलग व्यवहार क्यों किया गया? इससे साफ है कि खेल संस्थाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट केवल विश्वस्तरीय पहलवान ही नहीं, बल्कि जुलाना विधानसभा से कांग्रेस पार्टी की जनप्रतिनिधि भी हैं। घर, मातृत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ उन्होंने रेसलिंग के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। अपने संघर्ष और उपलब्धियों से उन्होंने न सिर्फ हरियाणा या भारतवर्ष, बल्कि पूरे विश्व में नारी शक्ति और संघर्ष की मिसाल कायम की है।

पर्ल चौधरी ने कहा कि जिस खिलाड़ी ने देश के लिए पदक जीते, तिरंगा ऊंचा किया और लाखों बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, उसी खिलाड़ी को बार-बार प्रशासनिक अड़चनों और भेदभाव का सामना करना पड़े, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार के दौर में महिला खिलाड़ियों के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी हुई है। पहले देश की बेटियाँ न्याय के लिए सड़कों पर बैठीं और अब उन्हें प्रतियोगिताओं से दूर रखने की कोशिश की जा रही है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि WFI निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करे तथा विनेश फोगाट को बिना किसी भेदभाव के प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का पूरा अधिकार दिया जाए। “देश की बेटियाँ किसी की कृपा नहीं, अपना हक मांग रही हैं,” पर्ल चौधरी ने कहा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!