स्वस्थ गुरुग्राम की ओर बढ़ते कदम ….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

व्यायामशालाओं को बनाया जा रहा योग, स्वास्थ्य जागरूकता और जनकल्याण का केंद्र

गुरुग्राम में आयुष विभाग की विशेष मुहिम को ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं का मिल रहा उत्साहपूर्ण समर्थन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को भी मिल रही नई गति

गुरुग्राम। आयुष विभाग गुरुग्राम द्वारा जिले की व्यायामशालाओं को स्वास्थ्य एवं योग जागरूकता के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में चलाया जा रहा विशेष अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है। जिले की विभिन्न व्यायामशालाओं में आयोजित स्वास्थ्य एवं योग शिविरों में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों की बढ़ती भागीदारी इस मुहिम की सफलता को दर्शा रही है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी के मार्गदर्शन एवं जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में संचालित इस अभियान का उद्देश्य केवल योगाभ्यास तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली, प्राकृतिक दिनचर्या, तनावमुक्त जीवन और रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करना भी है। विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में व्यायामशालाओं को सामाजिक स्वास्थ्य गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इसी क्रम में आयुष विभाग गुरुग्राम के अंतर्गत इकबालपुर, रामपुर, दौलताबाद, कुनी एवं लोकरा स्थित व्यायामशालाओं में स्वास्थ्य एवं योग शिविरों का सफल आयोजन किया गया। शिविरों में प्रशिक्षित योग सहायकों एवं आयुष विभाग की टीम द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास करवाया गया तथा योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

शिविरों के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योग, प्राणायाम, ध्यान एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मौसमी बीमारियों से बचाव, प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा मानसिक तनाव से मुक्ति के लिए योग की उपयोगिता पर भी विशेष चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित इन कार्यक्रमों को स्थानीय लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है और बड़ी संख्या में नागरिक इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

इसके अतिरिक्त आयुष चिकित्सकों द्वारा आमजन को आयुर्वेद एवं होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। चिकित्सकों ने स्वस्थ दिनचर्या, संतुलित खान-पान, ऋतुचर्या एवं घरेलू उपचारों से संबंधित उपयोगी जानकारी साझा की। शिविरों में आने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं आयुष औषधियां भी उपलब्ध करवाई गईं।

डॉ. मंजू कुमारी ने बताया कि विभाग का लक्ष्य जिले की प्रत्येक व्यायामशाला को स्वास्थ्य संवर्धन एवं योग गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बनाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले की अन्य व्यायामशालाओं में भी इस अभियान को व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।

आयुष विभाग गुरुग्राम की यह पहल न केवल लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित कर रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों को भी नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!