संकट के दौर में राजीव गांधी का नेतृत्व याद आ रहा है : पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

गुरुग्राम, 21 मई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर गुड़गांव जिला कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष पंकज डावर ने की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पंकज डावर ने कहा कि राजीव गांधी का जीवन देश के उत्थान, विकास और आधुनिक भारत के निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने देश में डिजिटल और संचार क्रांति की शुरुआत कर भारत को 21वीं सदी की ओर अग्रसर किया। उन्होंने कहा कि आज के संकटपूर्ण दौर में प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी का नेतृत्व और दूरदर्शिता याद आती है।

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे और उन्होंने तकनीक, शिक्षा तथा विज्ञान को विकास का आधार बनाया। पंचायती राज को संवैधानिक दर्जा देकर लोकतंत्र को गांव-गांव तक पहुंचाने का कार्य किया। मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष करना युवाओं के प्रति उनके विश्वास का प्रतीक था। उनका विजन आज भी देश को दिशा देने का काम कर रहा है।

पंकज डावर ने कहा कि राजीव गांधी ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और सद्भाव को सर्वोपरि रखा। आज जब देश में नफरत और विभाजन की राजनीति बढ़ रही है, तब उनका संदेश और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राजीव गांधी के सपनों का मजबूत, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करें।

मौजूदा केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पंकज डावर ने कहा कि देश आज महंगाई और बेरोजगारी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। पेट्रोल-डीजल और एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जबकि युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार सरकारी सेवाओं का निजीकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय देश हर चुनौती का सामना एकजुट होकर करता था, क्योंकि उस दौर में नेतृत्व में जवाबदेही और दूरदर्शिता थी।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलराज कटारिया, सीमा पाहुजा, प्रदीप जैलदार, सूबे सिंह यादव, सीमा हुड्डा कटारिया, दिनेश शर्मा, हरकेश प्रधान, श्याम लाल बामनिया, सुशील सहरावत, भजन लाल, सतीश सांगवान, राजीव यादव, मनोज आहुजा, अमन प्रजापति, मास्टर महेंद्र सैन, नरेश वशिष्ठ, खेमचंद किरार, लोकेश कौशिक, ओमप्रकाश खरेरा, भूपेश शुक्ला, रमाकांत शर्मा, संजय भाटिया और दीपक सोनी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!