अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया ने सेक्टर-4 क्षेत्र का किया मौका निरीक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सफाई व्यवस्था, जलभराव रोकथाम एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

गुरुग्राम, 20 मई। नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त पूजा चांवरिया द्वारा मंगलवार को सेक्टर-4 एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, सीवर सफाई, जलभराव रोकथाम एवं पार्कों के विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त निगमायुक्त ने कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-4, जैन मंदिर, ओल्ड एज होम, सेक्टर-9, बसई तथा अन्य क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने संबंधित एसएसआई को निर्देशित किया कि इन सभी क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इसके अतिरिक्त आगामी बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-4 एवं अन्य क्षेत्रों में जलभराव वाले संभावित स्थानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था एवं सीवर प्रणाली की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी डी-सिल्टिंग एवं सीवर सफाई कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।

अतिरिक्त निगमायुक्त पूजा चांवरिया ने कहा कि जिन विकास कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनके कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि मानसून के दौरान जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर कार्य करें और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता विवेक बेनीवाल तथा कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार भी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सीवर सफाई एवं जल निकासी से संबंधित सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। वहीं कार्यकारी अभियंता (बागवानी) को निर्देशित किया गया कि सेक्टर-4 एवं अन्य क्षेत्रों के सभी पार्कों की नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाए। जिन पार्कों में विकास कार्य लंबित हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करवाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि नागरिकों को बेहतर एवं स्वच्छ सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

error: Content is protected !!