विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों को मिला लाभ

गुरुग्राम, 17 मई। आमजन को विभिन्न सरकारी एवं नागरिक सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेयर राजरानी मल्होत्रा के भीमनगर स्थित कार्यालय में आयोजित दो दिवसीय विशेष सेवा शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान प्रॉपर्टी टैक्स, जल सेवाएं, आधार, परिवार पहचान पत्र, आयुष्मान भारत, आभा आईडी तथा निरोगी हरियाणा जैसी योजनाओं से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया गया। शिविर के दूसरे दिन प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित 15 मामलों का समाधान किया गया, जबकि जल सेवाओं से जुड़े 12 मामलों का निपटारा किया गया। इसके अलावा आधार कार्ड से संबंधित 42 नागरिकों के कार्य पूर्ण किए गए तथा परिवार पहचान पत्र से जुड़े 12 मामलों का समाधान किया गया। वहीं कॉमन फैसिलिटेशन सेंटर के माध्यम से कुल 29 भुगतान सेवाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं।
जनस्वास्थ्य और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत योजना के तहत 14 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। साथ ही 14 नागरिकों की आभा आईडी बनाई गई, जबकि निरोगी हरियाणा योजना के अंतर्गत 10 लोगों को लाभ प्रदान किया गया।
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। स्थानीय नागरिकों ने भी शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से आमजन को काफी राहत मिल रही है और सरकारी सेवाओं का लाभ आसानी से मिल पा रहा है।








